लखनऊ, 25 जनवरी 2026:
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में युवाओं की भागीदारी से लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के क्षेत्रीय केंद्र और मेरा युवा भारत (MY भारत) केंद्र लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में पदयात्रा एवं ‘संडे ऑन साइकिल-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘MY भारत MY वोट’ के नारे के माध्यम से युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वालों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

इस आयोजन के जरिए मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ा गया। कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता जागरूकता संवाद और शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जिसके बाद साइकिल रैली और पदयात्रा निकाली गई। रैली में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और मतदान के महत्व से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह क्षेत्रीय निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण, अनिल कुमार सिंह क्षेत्रीय निदेशक MY भारत, समर दीप सक्सेना क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस, संजीव सिंह जिला युवा अधिकारी, सौरभ गुप्ता क्षेत्रीय विपणन प्रमुख एसीसी सीमेंट, रवि शेखर झा एवं धर्मवीर यादव, एसएसबी डिप्टी कमांडेंट सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अर्धसैनिक बल एसएसबी के जवानों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अनुशासित व प्रेरणादायी बनाया।लखनऊ जनपद के सभी ब्लॉकों से लगभग 100 से 150 युवाओं को बसों एवं अन्य साधनों से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। युवाओं ने पदयात्रा, साइकिलिंग, संवाद सत्र और पहली बार वोट देने वालों के सम्मान जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। जागरूक, नैतिक और जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं। इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों का राजदूत बनने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे न सिर्फ स्वयं मतदान करें बल्कि समाज को भी इसके लिए जागरूक कर सकें।






