हरदोई, 27 जनवरी 2026:
शाहाबाद नगर क्षेत्र के बाजार सम्भा मोहल्ले में कब्रिस्तान के पास एक गंदे नाले में भारी मात्रा में सरकारी दवाएं पड़ी मिलीं। दवाओं को इस तरह खुले नाले में फेंके जाने की खबर इलाके में फैल गई वहीं वीडियो वायरल होने पर हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने दवाएं अपने कब्जे में लीं और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि राहगीरों ने नाले में दवाओं का ढेर देखा तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने दवाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने और मीडिया में मामला आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।

सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। कर्मचारियों ने नाले में पड़ी दवाओं को बाहर निकाला और बोरियों में भरकर सीएचसी परिसर में सुरक्षित रखवा दिया। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जरूरतमंद मरीजों के लिए आने वाली दवाएं इस तरह नाले में मिलना बेहद गंभीर मामला है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रवीण दीक्षित ने बताया कि नाले में मिली दवाओं को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दवाएं शाहाबाद सीएचसी की नहीं हैं। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि दवाएं स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की नहीं हैं, तो सरकारी सप्लाई की इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं यहां तक कैसे पहुंचीं।
फिलहाल दवाओं के निस्तारण की एक निर्धारित प्रक्रिया तय है ऐसे में ये प्रयोग लायक न मानते हुए भी इस तरह फेंका जाना एक मजाक माना जा रहा हैं। हालांकि जांच कर दवाओं को नाले में फेंकने वालों की तलाश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द कार्रवाई की बात कही गई है।






