Lucknow City

यही है, मारो इसे… और शूटर ने एयरफोर्स के रिटायर्ड कर्मी के माथे पर दाग दी गोली

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में शॉपिंग स्क्वायर-2 कॉम्प्लेक्स के सामने हुई वारदात, रेस्टोरेंट बंद कर पत्नी के साथ निकल रहे थे, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

लखनऊ, 31 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के पॉश एरिया सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में स्थित शॉपिंग स्क्वायर-2 कॉम्प्लेक्स में रेस्टोरेंट चलाने वाले भारतीय वायुसेना (IAF) के रिटायर्ड कर्मी अवधेश कुमार पाठक (61) पर दो अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके माथे को निशाना बनाकर बेहद करीब से गोली मारी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल अवधेश को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​घटना शुक्रवार रात की बताई गई है। जानकारी के मुताबिक अवधेश अपनी पत्नी मिथिलेश के साथ रेस्टोरेंट बंद करने की तैयारी कर रहे थे। वह कुछ सामान रखने के लिए अपनी कार के पास पहुंचे ही थे कि दो युवकों ने उन्हें नाम लेकर पुकारा। जैसे ही अवधेश पीछे मुड़े एक बदमाश ने चिल्लाकर कहा कि यही है, इसे मारो! और दूसरे ने सीधे उनके सिर पर फायर कर दिया।

गोली लगने के बाद भी खुद चलकर रेस्टोरेंट पहुंचे

​गोली अवधेश की दाहिनी आंख के ठीक ऊपर माथे में जा धंसी। लहूलुहान होकर गिरने के बावजूद अवधेश ने साहस दिखाया। वह खुद संभलकर खड़े हुए और मदद के लिए चिल्लाते हुए रेस्टोरेंट की तरफ भागे। उनकी पत्नी और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार गोली उनके फंसने से गंभीर हो गई।

21b17f49-01ed-47d8-a7f1-35f61d5818fb

​पुलिस की 8 टीमें सक्रिय, CCTV पर नजर

​घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल और प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अवधेश की पत्नी मिथिलेश की तहरीर पर 2 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 8 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि​ शॉपिंग स्क्वायर और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि शूटरों की पहचान की जा सके।

​मूल रूप से संतकबीर नगर के रहने वाले अवधेश पाठक एयरफोर्स से रिटायरमेंट के बाद लखनऊ में बस गए थे। उनका एक बेटा पुणे में है और बेटी कनाडा में रहती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश या लूट की कोशिश का हिस्सा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button