Lucknow City

लखनऊ में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन : शब-ए-बरात पर शाम 5 से कल सुबह 5 बजे तक पुराने शहर में बदले रहेंगे रास्ते

इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं पर कोई रोक नहीं होगी, एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित रूप से निकाला जाएगा

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में शब-ए-बरात के अवसर पर होने वाले आयोजनों को देखते हुए यातायात व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने पुराने शहर और उससे जुड़े इलाकों में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह परिवर्तन आज शाम पांच बजे से शुरू होकर अगली सुबह पांच बजे तक प्रभावी रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं पर कोई रोक नहीं होगी। एंबुलेंस, फायर सर्विस, शव वाहन, स्कूली वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित रूप से निकाला जाएगा। किसी भी तरह की समस्या या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

ट्रैफिक प्लान के अनुसार सीतापुर रोड और मड़ियांव की ओर से आने वाले वाहन डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग से पक्का पुल की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को चौराहा नंबर आठ, निराला नगर और आईटी चौराहे से होकर वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। वहीं, हरदोई रोड से आने वाले भारी वाहन (रोडवेज बसों को छोड़कर) दुबग्गा पेट्रोल पंप तिराहे से बालागंज और चौक की ओर नहीं जा पाएंगे। इन्हें बुद्धेश्वर और आईआईएम सीतापुर रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें:

कैसरबाग बस अड्डे से सीतापुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और भारी वाहन डालीगंज पुल से शाहमीना और पक्का पुल की दिशा में नहीं जाएंगे। ये बसें डालीगंज पुल चौराहे से दाहिने मुड़कर आईटी चौराहा, निराला नगर और पुरनिया होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। इसी तरह, कैसरबाग बस अड्डे से हरदोई रोड जाने वाली रोडवेज बसें शाहमीना से पक्का पुल की ओर नहीं जा सकेंगी, बल्कि मेडिकल कॉलेज, मेडिकल क्रॉस (चरक), कोनेश्वर चौराहा होते हुए आगे बढ़ेंगी।

हजरतगंज और कैसरबाग की ओर से आने वाले वाहन भी शाहमीना तिराहे से पक्का पुल की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें मेडिकल कॉलेज, चौक, कोनेश्वर या डालीगंज पुल चौराहे से आईटी चौराहे की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा नींबू पार्क (रूमी गेट पुलिस चौकी) चौराहे से किसी भी प्रकार के वाहन बड़ा इमामबाड़ा और पक्का पुल की दिशा में प्रतिबंधित रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से पुराने शहर की ओर जाने से बचें। समय से निकलें और ट्रैफिक नियमों का पालन कर सहयोग करें। इससे शब-ए-बरात शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

ये भी पढ़ें  UP में आउटसोर्स भर्ती से भुगतान तक सब होगा ऑनलाइन, सरकार ला रही ये नई व्यवस्था

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link