राजकिशोर तिवारी
देहरादून/विकासनगर, 03 फरवरी 2026:
उत्तराखंड-हिमाचल सीमा के कुवाणु-मीनस मोटर मार्ग पर आज सुबह हिमाचल रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस बस में कुल 35-36 यात्री सवार थे।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा ?
दुर्घटनाग्रस्त बस (HP66A-2588) नेरवा से पौंटा साहिब जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुवाणु के पास संकरी और घुमावदार सड़क पर बस का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही गाड़ी को रास्ता देने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सीधे खाई में जा गिरी। हादसा सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ।

एसडीआरएफ और पुलिस ने तुरंत राहत-बचाव शुरू किया
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें चकराता, त्यूणी, डाकपत्थर और आसपास के अन्य पोस्टों से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मिलकर राहत-बचाव अभियान चलाया। घायलों को तुरंत विकासनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे की जांच भी शुरू कर दी है।
हादसे में मृतकों की पहचान
इस बस हादसे के मृतकों में यास्मीन बेगम, उम्र 46 वर्ष, पत्नी नेक मोहम्मद, ग्राम क्यारला, नेरवा शामिल हैं। रिचा, 30 वर्ष, पत्नी बिरेंद्र, ग्राम विज़मल, नेरवा भी इस हादसे में जीवन गंवाने वालों में शामिल हैं। इसके अलावा धन बहादुर, ग्राम क्यारला, नेरवा जबकि बस चालक दिनेश कुमार, 54 वर्ष, पुत्र मोहन सिंह, ग्राम चोपाल, शिमला इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।






