Lucknow City

सरोजनीनगर विवाद ने लिया कानूनी मोड़: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर FIR दर्ज, जानिए पूरा मामला

सरोजनीनगर की सभा में दिए गए बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, जहां भाजपा विधायक को लुटेरा कहने पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ FIR दर्ज हुई है

लखनऊ, 6 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह को लुटेरा कहने के मामले में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। अजय राय पर आरोप है कि उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक पर देश और प्रदेश को लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

सभा के दौरान दिया गया बयान

यह मामला 1 फरवरी का है, जब सरोजनीनगर के गौरी बिजनौर रोड स्थित नटकुर तिराहा पर एक राजनीतिक सभा आयोजित की गई थी। सभा को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा था कि विधायक राजेश्वर सिंह देश और प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय में रहते हुए भी लूट खसोट जारी थी।

WhatsApp Image 2026-02-06 at 11.45.00 AM

भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत

इस बयान के बाद भाजपा नेता शिवशंकर सिंह उर्फ शंकरी ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में कहा गया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने असत्य, मानहानि करने वाला और जानबूझकर भडकाऊ बयान दिया, जिससे समाज में भ्रम और तनाव फैलने की आशंका पैदा हुई।

सोशल मीडिया पर वीडियो किया गया वायरल

शिकायत में यह भी बताया गया कि अजय राय के भाषण को योजनाबद्ध तरीके से रिकॉर्ड किया गया और फेसबुक पर अपलोड किया गया। आरोप है कि यह वीडियो रुद्रदमन सिंह नामक फेसबुक अकाउंट से साझा किया गया, जिसे अब तक 25 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। भाजपा नेता का कहना है कि सोशल मीडिया पर इसके प्रचार से लोक शांति भंग होने और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

आपसी साजिश का भी आरोप

तहरीर में भाषण देने, उसे रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के बीच आपराधिक साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने भाजपा नेता की शिकायत के आधार पर मानहानि, जानबूझकर भडकाऊ भाषण देने और अपमानित करने से जुडी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

संविधान संवाद कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद

यह बयान कांग्रेस की ओर से बीते रविवार यानी 1 फरवरी को सरोजनीनगर में आयोजित संविधान संवाद महापंचायत कार्यक्रम के दौरान दिया गया था। बयान सामने आने के बाद मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानपुर रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता शिवशंकर सिंह शंकरी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला भी फूंका गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button