हाईवे पर ‘देवी का साया’, अनहोनी का डर फिर टोटका… दंपति से जेवर-रुपये ले उड़े टप्पेबाज
सड़क किनारे दो युवकों ने पहले रास्ता पूछकर बातचीत शुरू की, फिर परिवार पर अनहोनी का डर दिखाया, टोटके के नाम पर नगदी-जेवर पन्नी में रखवाकर पैदल भेजा, पीछे मुड़कर देखा तो सामान लेकर भाग चुके थे

प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 30 जुलाई 2026:
रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजों ने एक दंपति को देवी का साया होने की बात कहकर डराया। इसके बाद अनहोनी से बचने के नाम पर उनके रुपये-गहने एक पन्नी में रखवा लिए। दंपति को कुछ दूर पैदल भेजकर आरोपी सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पहले रास्ता पूछा, फिर शुरू किया खेल
कैथुलिया गांव निवासी सतगुरु अपनी पत्नी कंचन गौतम और 11 महीने के बेटे समरजीत के साथ साइकिल से बदौरा गांव जा रहे थे। लखनऊ-हरदोई हाईवे पर बंजारन खेड़ा गांव के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। सतगुरु के मुताबिक, एक युवक ने उन्हें रोककर राजेश की दुकान का रास्ता पूछा। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे बाइक से दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया। दोनों ने परिवार से बातचीत शुरू कर दी। कुछ देर तक अलग-अलग सवाल पूछने के बाद उन्होंने दंपति को अपनी बातों में उलझा लिया।
अंधविश्वास के जाल में उलझ गए दम्पति
बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने दंपति से कहा कि उन पर देवी का साया है। उन्होंने परिवार के साथ अनहोनी होने का डर दिखाया। इसके बाद टोटका करने की बात कहते हुए सतगुरु से उनके पास मौजूद रुपये व पत्नी के जेवर एक पन्नी में रखने को कहा। आरोपियों ने दंपति से कहा कि पन्नी वहीं रखकर कुछ दूर तक पैदल चले जाएं। साथ ही पीछे मुड़कर देखने से भी मना किया। बदमाशों ने ऐसा करने पर अनहोनी होने का डर भी दिखाया।
पीछे देखा तो सबकुछ लेकर फुर्र हो गए थे टप्पेबाज
आरोपियों की बातों में आकर सतगुरु अपनी पत्नी के साथ कुछ दूर पैदल चले गए। कुछ देर बाद जब दोनों ने पीछे मुड़कर देखा तो पन्नी गायब थी। उसमें रखे 656 रुपये, सोने की कान की टब्स, सोने की माला व चांदी की पायल लेकर दोनों टप्पेबाज फरार हो चुके थे। ठगी का पता चलते ही परिवार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, परिवार से घटना की जानकारी ली। सतगुरु ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब हाईवे के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सफेद अपाचे बाइक से आए दोनों आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।






