Uttarakhand

गड्ढों का फटाफट इलाज…कोल्ड मिक्स तकनीक से मरम्मत तेज, नहीं रोकना पड़ रहा ट्रैफिक

सड़क सुरक्षा बैठक में लिया गया था गड्ढों की त्वरित मरम्मत का फैसला, रेडी टू यूज सामग्री से कई रोडों की हो चुकी है मरम्मत

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 8 फरवरी 2026:

नगर क्षेत्र में सड़कों पर छोटे बड़े गड्ढों को भरने के लिए इंस्टेंट पॉटहोल रिपेयर रेडीमिक्स का इस्तेमाल शुरू किया गया है। यह रेडी टू यूज कोल्ड मिक्स सामग्री है, जिसे गर्म करने की जरूरत नहीं होती और इससे बेहद कम समय में मरम्मत हो जाती है। खास बात यह है कि काम पूरा होते ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो जाती है।

बताया जा रहा है कि यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस निर्देश के बाद अमल में लाई गई है, जिसमें प्रदेशभर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने को कहा गया था। इसी कड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा बैठक में गड्ढों की त्वरित मरम्मत का फैसला लिया गया था, जिसे अब जमीन पर उतारा गया है।

ये भी पढ़ें:

इस अभियान में परिवहन विभाग की अहम भूमिका सामने आई है। विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा के तहत गड्ढों की पहचान कर उन्हें तुरंत भरवाने के लिए संबंधित विभागों से तालमेल किया गया, ताकि दुर्घटना संभावित स्थानों पर फौरन सुधार हो सके। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिहाज से इस पहल को काफी अहम माना जा रहा है।

अभियान के तहत अब तक बुआखाल वाली सड़क, विकासखंड पौड़ी मार्ग, कंडोलिया की ओर जाने वाला मार्ग, श्रीनगर रोड और बस स्टेशन की ओर के कई हिस्सों में गड्ढे भरकर सड़क को ठीक किया जा चुका है। मरम्मत कार्य के दौरान नगर निकायों और लोक निर्माण विभाग से भी समन्वय कर सहयोग लिया गया, जिससे काम को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है।

आरटीओ विमल पांडे ने बताया कि सड़कों पर बने गड्ढे हादसों की बड़ी वजह बनते हैं, खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह बेहद खतरनाक होते हैं। इंस्टेंट पॉटहोल रिपेयर जैसी तकनीक से कम वक्त में मरम्मत हो रही है, यातायात प्रभावित नहीं होता और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें  रानीखेत में Parking प्लान पर नया मंथन, रुद्रपुर में 18 करोड़ से बनेगा Green Building कार्यालय

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link