बजट सत्र से पहले सेहत की पहल : UP विधानभवन में विधायकों-मंत्रियों का हेल्थ चेकअप
सीएम योगी ने किया विधानभवन परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन, कहा कि बजट सत्र जैसे व्यस्त और जिम्मेदारी भरे समय में जनप्रतिनिधियों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी
लखनऊ, 9 फरवरी 2026:
बजट सत्र की शुरुआत से पहले यूपी विधानमंडल में सेहत को प्राथमिकता देते हुए विधानभवन परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सीएम योगी ने शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा व विधान परिषद के सदस्यों के साथ मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का केजीएमयू के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र जैसे व्यस्त और जिम्मेदारी भरे समय में जनप्रतिनिधियों का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से लगाया गया यह शिविर सदस्यों के साथ अन्य कर्मियों की सुविधा के लिए भी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या को हर नागरिक का अधिकार बताते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सीएम ने सदस्यों को तनावमुक्त रहकर संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। कहा कि सकारात्मक दिनचर्या से रोग भी पास नहीं फटकते।

सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि नेता विकास की बात करेगा, डॉक्टर स्वास्थ्य की और हर विशेषज्ञ अपने क्षेत्र की सही जानकारी देगा तो इसका असर समाज के हर वर्ग पर पड़ेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से शिविर की सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की।
डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने आयोजन के लिए चिकित्सकों और विभागीय टीम का आभार जताया। उद्घाटन के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह व बलदेव सिंह औलख मौजूद रहे।






