Barabanki City

बाराबंकी : शहर व कस्बों में चोर-उचक्के सक्रिय… महिला के जेवर उड़ाए, कार व बाइक चोरी

पुलिस लाइन व जिला अस्पताल के पास हुई वारदातें, तीनों मामले में एफआईआर दर्ज, पहले भी हो चुकी हैं चोरियां

बाराबंकी, 11 फरवरी 2026:

जिला मुख्यालय पर बसे शहर व आस्मास इलाकों में चोर उचक्के सक्रिय हैं। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में एक महिला से जेवर ठग लिए गए, जबकि दो मामलों में बाइक और कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस लाइन तिराहे पर महिला को उचक्कों ने घेरा

ग्राम बम्भौरा थाना जहंगीराबाद निवासी संध्या तिवारी 10 फरवरी को अपने चचेरे भाई के तिलक कार्यक्रम में शामिल होने बाराबंकी आई थीं। शाम करीब छह बजे वह बच्चों को खिलाने के लिए पुलिस लाइन तिराहे के पास गई थीं। आरोप है कि वहां दो अज्ञात युवक उनसे बातचीत करने लगे और झांसा देकर कान के झाले, दो मंगलसूत्र और एक अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। महिला की तहरीर पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जिला अस्पताल से बाइक चोरी

दूसरी घटना जिला अस्पताल की है। ग्राम हांसेमऊ थाना सतरिख निवासी अभय राज वर्मा अपनी बहू को बच्चे का टीका लगवाने जिला अस्पताल लेकर आए थे। दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में खड़ी उनकी मोटरसाइकिल गायब हो गई। वाहन का नंबर UP32 FE 2832 बताया गया है। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला तो पीड़ित ने कोतवाली नगर में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर खड़ी कार उड़ाई

तीसरी वारदात सफेदाबाद इलाके की है। सचिन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। सुबह उठकर देखा तो कार गायब थी। कार का नंबर UP32 BH 4170 और रंग ग्रे बताया गया है। आसपास तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला। तीनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल शांति विहार में शिक्षिका के घर समेत शहर के कई जगह चोरियां हो चुकी हैं जिनका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button