Barabanki City

बैंक कर्मचारी बनकर किया फोन, रिवार्ड प्वाइंट के बहाने क्रेडिट कार्ड से निकाली मोटी रकम

कॉलर ने रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने का दिया लालच लिंक पर क्लिक करते ही क्रेडिट कार्ड से कट गए 92,700 रुपये पीड़ित ने बैंक, साइबर हेल्पलाइन और पुलिस से की शिकायत

बाराबंकी, 8 जून 2026:

क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 92,700 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आवास विकास कॉलोनी निवासी धर्मराज सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड में 4,377 रिवार्ड प्वाइंट जमा हैं, जिन्हें रिडीम करने पर उतनी ही रकम कार्ड के बिल से कम हो जाएगी।

आरोप है कि फोन करने वाले ने एक लिंक भेजा और उसे खोलने के लिए कहा। लिंक पर क्लिक करने के कुछ देर बाद ही धर्मराज सिंह के क्रेडिट कार्ड से 92,700 रुपये का ऑनलाइन भुगतान हो गया। ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराने का अनुरोध किया।

पीड़ित का कहना है कि बैंक ने उनका कार्ड तो ब्लॉक कर दिया, लेकिन भुगतान नहीं रोका जा सका। इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई, मगर रकम वापस नहीं मिली।

मामले में धर्मराज सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉल करने वाले व्यक्ति, इस्तेमाल किए गए लिंक और ट्रांजेक्शन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button