Uttar Pradesh

UP पुलिस भर्ती परीक्षा : 29 लाख अभ्यर्थियों को सरकार का तोहफा, बस किराए पर 50% छूट

प्रदेश में आज, कल और 10 जून को दो पालियों में आयोजित हो रही भर्ती परीक्षा में शामिल युवाओं को राहत, प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में मिलेगा रियायती सफर

लखनऊ, 8 जून 2026:

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों युवाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। सीएम योगी के निर्देश पर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

सरकार के इस फैसले से दूर-दराज के जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ यात्रा संबंधी परेशानियों से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जनपदों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आर्थिक या अन्य प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़ेगा। गौरतलब है कि यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

इस परीक्षा में प्रदेश भर से लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए सरकार ने विशेष व्यवस्था लागू की है। सीएम के निर्णय के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना वैध प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में आधे किराए पर यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी और सभी पात्र अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकेंगे।

Advertisement

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए जिससे वे बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हो सकें। योगी सरकार का यह निर्णय लाखों युवाओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। यह भर्ती प्रक्रिया को और अधिक अभ्यर्थी हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  लखनऊ में बेकाबू कार का कहर...छीनी दो जिंदगियां, वाहनों के परखच्चे उड़े, कई घायल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link