Barabanki City

बृजेश पाठक का दावा : हर मंडल में होगा कैंसर इंस्टीट्यूट, विपक्ष से मांगा बाबरी मस्जिद के चंदे का हिसाब

डिप्टी सीएम ने केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाईं, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का रोडमैप रखा, राम मंदिर दान विवाद पर विपक्ष को घेरा, कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब भी सामने आना चाहिए

बाराबंकी, 14 जून 2026:

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर बाराबंकी में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहा है और इसी सोच के साथ बीते वर्षों में कई बड़े फैसले लिए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम पूरा करेगी। इसके अलावा प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर कैंसर इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे। कैंसर मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी ताकि इलाज के दौरान उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने लोगों की जिंदगी में असर डाला है।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 2.03.01 PM

प्रदेश सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, निवेश, रोजगार और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार काम हुआ है। एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक निवेश की परियोजनाएं प्रदेश की तरक्की को नई दिशा दे रही हैं।

अयोध्या में राम मंदिर के दानपात्र से धन गायब होने के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब भी संबंधित लोगों से पूछा जाना चाहिए।

कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा मौजूद रहे। इससे पूर्व डिप्टी सीएम ने गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष व लोकतंत्र सेनानी राजनाथ शर्मा के आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button