मथुरा, 14 जून 2026:
मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र में वर्दी और अपराधियों की मिलीभगत का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। चारधाम पुलिस चौकी प्रभारी के तौर पर तैनात उप निरीक्षक शशांक कौशिक को स्थानीय दुकानदारों से अवैध वसूली कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जबकि उसके साथ जुड़े दो हिस्ट्रीशीटर आरोपी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले इलाके के कई दुकानदारों ने शिकायत की थी कि दो युवक उनके पास पहुंचकर हर महीने 15 से 20 हजार रुपये तक की रकम मांग रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि वसूली करने वालों को चौकी प्रभारी का संरक्षण हासिल था। ये भी बताया गया कि अवैध पार्किंग का भी संचालन किया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मामले की जांच सदर क्षेत्राधिकारी पीतम पाल सिंह को सौंपी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि चौकी प्रभारी ने अपनी पूर्व तैनाती वाले क्षेत्र अलीगढ़ के इगलास थाना इलाके से दो हिस्ट्रीशीटरों रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी को बुलाया था। दोनों के जरिए दुकानदारों से कथित तौर पर उगाही कराई जा रही थी।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने उप निरीक्षक शशांक कौशिक और दोनों हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दरोगा की गिरफ्तारी के बाद दोनों हिस्ट्रीशीटर फरार हो गए। उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं और दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शशांक कौशिक की तैनाती चारधाम पुलिस चौकी पर तीन जून को ही की गई थी।






