Lucknow City

चंद्रशेखर आजाद भी 2027 की जंग की तैयारी में जुटे… टिकट के दावेदारों का खुद ले रहे इंटरव्यू

लखनऊ के वीवीआईपी गेस्ट हाउस में चल रही साक्षात्कार के जरिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया, संगठनात्मक पकड़ और जनाधार के आधार पर तय होंगे उम्मीदवार

लखनऊ, 14 जून 2026:

यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए प्रत्याशी चयन की विशेष प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए वे प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डेरा डाले हैं।

इस अभियान के तहत सांसद चंद्रशेखर लखनऊ के वीवीआईपी गेस्ट हाउस में विधानसभा टिकट के दावेदारों का स्वयं साक्षात्कार ले रहे हैं। पार्टी की ओर से शुरू की गई यह प्रक्रिया जारी है। पहले दिन सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के संभावित उम्मीदवारों को बुलाया गया। उनसे चंद्रशेखर आजाद ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके राजनीतिक अनुभव, क्षेत्रीय समीकरण, संगठन की स्थिति और जनसंपर्क क्षमता को लेकर सवाल किए।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 2.10.02 PM

ये भी पढ़ें:

इस दौरान संबंधित मंडलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने उम्मीदवारों के बारे में अपनी राय और संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्याशी चयन में केवल जातीय समीकरणों के साथ ही क्षेत्र में सक्रियता, जनाधार, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और जीत की संभावनाओं को प्रमुख आधार बनाया जा रहा है।

आजाद समाज पार्टी प्रदेश में दलित वोट बैंक के साथ अन्य सामाजिक वर्गों को भी जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। उम्मीदवार चयन में इस फार्मूले को लागू करने की तैयारी है। मालूम हो कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट पर चंद्रशेखर आजाद की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा है। इस जीत ने उन्हें प्रदेश में एक वैकल्पिक दलित नेतृत्व के रूप में स्थापित करने में मदद की है।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 2.09.49 PM

अब पार्टी विधानसभा चुनाव में भी इसी राजनीतिक ऊर्जा को भुनाने की कोशिश कर रही है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के मुताबिक आज बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल के दावेदारों का साक्षात्कार हुआ। जबकि 15 जून को लखनऊ, अयोध्या और देवीपाटन मंडल के संभावित उम्मीदवारों को बुलाया गया है।

पार्टी का लक्ष्य समय रहते उम्मीदवार घोषित कर चुनावी मैदान में बढ़त हासिल करना है। इंटरव्यू देकर बाहर निकले एक दावेदार ने कहा कि वे पूरी तैयारी के साथ आए हैं। पार्टी नेतृत्व के प्रति पूरी निष्ठा रखते हैं।

ये भी पढ़ें  International Women's Day: बिटाना की बड़ी कहानी : 5वीं तक पढ़ाई, 15 गोकुल अवार्ड, प्रेसीडेंट से मुलाकात, जानें पूरा सफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button