Uttarakhand

बढ़ते क्राइम के बीच धामी की सख्ती…देहरादून एसएसपी हटे, कई अन्य जिलों के कप्तान बदले

20 आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर की लिस्ट जारी, देहरादून में तीन दिन के भीतर व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुए थे दो मर्डर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 14 फरवरी 2026:

प्रदेश में बढ़ते अपराध और पॉश इलाकों में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। सरकार ने एक साथ 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं, जिनमें कई जिलों के एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

देहरादून में सुपारी किलर द्वारा कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या के बाद मुख्यमंत्री ने हाल ही में कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अपराध होने के बाद कार्रवाई के बजाय पूर्व-निवारक रणनीति को मजबूत किया जाए। हालांकि बैठक के कुछ समय बाद ही देहरादून के व्यस्त बाजार क्षेत्र में जिम से निकल रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की हत्या ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

इन्हीं परिस्थितियों के बीच देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटाते हुए बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। अब हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून की कमान सौंपी गई है, जबकि अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है। एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 11.28.35 AM

ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया है और उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को जिले की जिम्मेदारी दी गई है। कुम्भार वर्तमान में चंपावत के एसपी थे, उनकी जगह पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को चंपावत भेजा गया है।

रुद्रप्रयाग के एसपी अक्षय प्रहलाद कोण्डे को एसपी पिथौरागढ़ बनाया गया है, जबकि उनकी जगह निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग भेजा गया है। एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार जितेंद्र कुमार मेहरा को एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी बागेश्वर चंद्रशेखर आर घोड़के को एसएसपी अल्मोड़ा बनाया गया है, वहीं एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक पद पर तैनात किया गया है।

गृह सचिव शैलेश बगोली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती को एसडीआरएफ में आईजी पद पर पदोन्नत किया गया है। एसएसपी विजिलेंस प्रह्लाद नारायण मीणा को डीआईजी विजिलेंस बनाया गया है। 31वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक यशवंत सिंह को पीटीसी नरेंद्रनगर का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा एसपी अभिसूचना प्रदीप कुमार राय को एसपी सीबीसीआईडी, एसपी हरिद्वार जितेंद्र चौधरी को एसपी अपराध एवं यातायात ऊधमसिंह नगर, एसपी हरिद्वार निशा यादव को एसपी अपराध एवं यातायात हरिद्वार, एएसपी सीआईडी मनोज ठाकुर को एएसपी कोटद्वार तथा एएसपी चंद्रमोहन सिंह को एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना के पद पर तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button