Lucknow City

बारिश से पहले लखनऊ को बड़ी राहत : गोमतीनगर विस्तार में 400 केएल फ्लड पम्पिंग स्टेशन तैयार

LDA VC ने लिया जायजा, शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी तीन और फ्लड पम्पिंग स्टेशन तैयार, गोमतीनगर विस्तार के सेंट्रल पार्क में ओपन जिम के उपकरण नए लगाने के निर्देश, रघुकुल पार्क में झूले क्षतिग्रस्त मिले, ठेकेदार पर जुर्माना

लखनऊ, 15 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में जलभराव समस्या से जूझ रहे गोमतीनगर विस्तार के निवासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। बरसात से पहले क्षेत्र को राहत देने के उद्देश्य से 400 किलोलीटर क्षमता का अत्याधुनिक फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया और मशीनों की टेस्टिंग कराकर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इससे मानसून के दौरान जलनिकासी बिना किसी रुकावट के हो सके।

एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के पास यह फ्लड पम्पिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेशन में कुल छह पम्प लगाए गए हैं। प्रत्येक पम्प 60 हॉर्स पावर का है और प्रति मिनट लगभग 13 हजार लीटर पानी निकालने की क्षमता रखता है। पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से बरसात का पानी सीधे गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। इससे सेक्टर-4 समेत आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।

WhatsApp Image 2026-02-15 at 8.24.31 AM

एलडीए ने शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी तीन और 400 केएल क्षमता के फ्लड पम्पिंग स्टेशन तैयार किए हैं। उनमें जनेश्वर मिश्र पार्क के पास, कैटिल कॉलोनी के गऊघाट क्षेत्र और बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निकट बने स्टेशन शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-1 स्थित सेंट्रल पार्क का भी जायजा लिया। यहां ओपन जिम के उपकरण मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर नए उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सेक्टर-4 के रघुकुल पार्क में खराब हॉर्टीकल्चर और क्षतिग्रस्त झूलों पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए।

विपुल खण्ड-3 में स्थित लाइब्रेरी का संचालन भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद कर रही है। इसे भी एलडीए द्वारा अपग्रेड किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ और मनोज सागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button