Lucknow City

सूर्यघर योजना में UP का जलवा… आवेदन से स्थापना तक कई श्रेणियों में देश में नंबर-वन

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश को कई राष्ट्रीय सम्मान, लखनऊ ने रूफटॉप सोलर स्थापना में बनाया नया कीर्तिमान

लखनऊ, 5 जून 2026:

यूपी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक बार फिर देशभर में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पुरस्कार समारोह में राज्य को कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री राज्य में स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

मंत्रालय की ओर से जारी पुरस्कार सूची के अनुसार सौर ऊर्जा माह (मई 2026) में उच्च स्तरीय उपभोक्ता आधार श्रेणी में यूपी ने सर्वाधिक 1,02,035 उपभोक्ता आवेदन प्राप्त कर देश में पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही राज्य ने 64,734 सौर संयंत्रों की स्थापना और 779 विक्रेताओं के पंजीकरण के मामले में भी राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। डिस्कॉम निरीक्षणों की श्रेणी में भी प्रदेश को दूसरा स्थान मिलाहै।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश में एक लाख से अधिक रूफटॉप सोलर स्थापना के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत प्रदेश में अब तक 5.64 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे प्रदेश देश के अग्रणी सौर ऊर्जा राज्यों में शामिल हो गया है।

इस योजना का सबसे बड़ा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है। लाखों परिवारों के बिजली बिलों में कमी आई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली स्वयं उत्पन्न कर रहे हैं। इससे घरेलू बचत बढ़ने के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी मजबूती मिली है।

विशेषज्ञों के अनुसार राज्य सरकार का विकेंद्रीकृत क्रियान्वयन और केंद्रीकृत निगरानी मॉडल, जिला स्तर पर बेहतर समन्वय, डिस्कॉम की सक्रिय भागीदारी तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान इस सफलता के प्रमुख आधार बने हैं। नई दिल्ली में मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तर प्रदेश के लिए गौरव के साथ विकसित भारत और ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी नई गति देने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button