Lucknow News: पर्ची निकलते ही खिल उठे आवेदकों के चेहरे, अनंत नगर के 73 प्लॉटों का लॉटरी से आवंटन
घर का सपना होगा साकार, 1,414 आवेदकों के बीच हुआ लॉटरी ड्रा, पांचवें चरण में अब तक 520 भूखंड आवंटित, 785 एकड़ में विकसित हो रही हाईटेक अनंत नगर आवासीय योजना

लखनऊ, 7 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना संजोए आवेदकों के लिए खुशियों वाली आबर है। मोहान रोड स्थित एलडीए की अनंत नगर आवासीय योजना में 73 भूखंडों का लॉटरी के जरिए आवंटन किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लॉटरी ड्रा में 1,414 आवेदकों के बीच पर्चियां निकाली गईं। इस दौरान विजेता आवेदकों के नाम सामने आते ही उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
यह आवंटन योजना के पांचवें चरण के तहत किया गया। इस चरण में 520 भूखंडों का आवंटन किया जाना है। दो दिवसीय लॉटरी प्रक्रिया के पहले दिन 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले 447 भूखंडों के लिए 7,314 आवेदकों के बीच ड्रा निकाला गया था। दूसरे दिन 200 वर्गमीटर के 35 और 162 वर्गमीटर के 38 भूखंडों का आवंटन किया गया। अब जल्द ही सफल आवंटियों को आवंटन पत्र जारी किए जाएंगे।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि पांचवें चरण में आशीष खंड के 520 भूखंडों के लिए 9 अगस्त से 9 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया था। इसके सापेक्ष 8,727 आवेदन प्राप्त हुए। इससे पहले योजना के चार चरणों में करीब 1,700 भूखंड लॉटरी के माध्यम से आवंटित किए जा चुके हैं। इन चरणों में 35 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड पर 785 एकड़ में विकसित हो रही अनंत नगर आवासीय योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर आकार दिया जा रहा है। योजना में चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं।
योजना की खासियत सिर्फ आवासीय भूखंड ही नहीं अपितु आधुनिक सुविधाओं का बड़ा नेटवर्क भी है। यहां बड़े क्षेत्रफल में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। करीब 130 एकड़ भूमि पर पार्क और ग्रीन स्पेस तैयार किए जाएंगे। अनंत नगर आने वाले समय में लखनऊ के प्रमुख आधुनिक और सुनियोजित आवासीय क्षेत्रों में शामिल हो सकेगा।






