Uttarakhand

‘जन-जन की सरकार’ शिविर में पहुंचे धामी… समस्याएं सुनीं, मांगों पर दिया भरोसा

हैली सेवा विस्तार, चारधाम यात्रा तैयारी और ग्रामीण सुविधाओं पर रहा जोर, अफसरों का मजमा जुटा रहा

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 19 फरवरी 2026:

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विकासखंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों की मौजूदगी में कई समस्याओं का समाधान कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है और प्रशासन लोगों के और करीब पहुंचा है। अब तक प्रदेश भर में 600 से ज्यादा शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। करीब 40 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ भी मिला है। सरकार की कोशिश है कि दूर-दराज गांवों के लोगों को छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं।

चिन्यालीसौड़ व गौचर से शुरू होगी हैली सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवा का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू करने की योजना है, जिसे सेना के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इससे पहाड़ी इलाकों में आवाजाही आसान होगी।

चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज

उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले से शुरू कर दी हैं। यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय लोग, तीर्थ पुरोहित, होटल कारोबारी, टैक्सी और मैक्सी संचालकों की अहम भूमिका रहेगी, जबकि सरकार समन्वयक की भूमिका निभा रही है ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहचान दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब तक दो लाख से ज्यादा लखपति दीदियों को सशक्त किया जा चुका है और उनके उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर सीएचसी चिन्यालीसौड़ और स्थानीय महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया गया।

मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने कहा कि अभियान के तहत संयुक्त टीमें बनाकर गांवों की छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। जिन मामलों का तुरंत निस्तारण नहीं हो पा रहा, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप किया जा रहा है। इस मौके पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, डॉ. स्वराज विद्वान, रणबीर सिंह महंत, मनोज कोहली सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button