Lucknow City

गोमतीनगर में लग्जरी हाउसिंग : नर्मदा अपार्टमेंट के लिए मची होड़, 300 फ्लैट्स व 12 पेंट हाउस पर 711 आवेदन

गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड पर बनेगा अपार्टमेंट, एलडीए की यह योजना प्रीमियम आवासीय सुविधाओं से होगी लैस, तीन वर्ष में पूरा होगा प्राजेक्ट

लखनऊ, 24 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ की रियल एस्टेट तस्वीर तेजी से बदल रही है। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट की बुकिंग शुरू होते ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रीमियम आवासीय सुविधाओं से लैस इस परियोजना के 300 फ्लैट्स और 12 पेंट हाउस के लिए कुल 711 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इससे लगता है कि राजधानी में हाई-एंड हाउसिंग की मांग लगातार बढ़ रही है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार राप्ती अपार्टमेंट के ठीक बगल में लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट में कुल तीन टावर होंगे। उनकी ऊंचाई करीब 90 मीटर होगी। इन टावरों में 3 बीएचके एवं स्टडी श्रेणी के कुल 300 फ्लैट तैयार किए जाएंगे। हर फ्लैट लगभग 2,100 वर्गफुट का होगा। इनकी शुरुआती कीमत 1.41 करोड़ रुपये रखी गई है। इसके अलावा 12 पेंट हाउस भी बनाए जाएंगे, जिनका क्षेत्रफल करीब 4,000 वर्गफुट होगा। इनकी शुरुआती कीमत 2.8 करोड़ रुपये होगी।

24 जनवरी से 23 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चली। अंतिम दिन रात 8 बजे तक 688 लोगों ने फ्लैट्स और 27 लोगों ने पेंट हाउस के लिए आवेदन किया। फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

लोकेशन के लिहाज से भी यह परियोजना बेहद आकर्षक मानी जा रही है। जी-20 रोड पर स्थित राप्ती अपार्टमेंट के बगल में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट से शहीद पथ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम और प्लासियो मॉल जैसे प्रमुख स्थान कुछ ही मिनटों की दूरी पर होंगे।

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के मुताबिक इस परियोजना पर करीब 330 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसे तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पांच साल के भीतर आवंटियों को कब्जा सौंपने की योजना है। नर्मदा अपार्टमेंट में जिम, स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी प्रीमियम सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही व्यावसायिक जरूरतों के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी विकसित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button