हरदोई, 2 मार्च 2026:
शाहाबाद थाना क्षेत्र के मलकापुर डकैती कांड में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पीलीभीत के हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगी है तीसरे यादराम उर्फ यादा को भागते समय पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी की रात शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम मलकापुर में अनीस खान के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया था। परिवार को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए गए थे। घटना के बाद अधिकारियों ने टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली कि डकैती में शामिल बदमाश निर्माणाधीन बाईपास के पास एक बाग में छिपे हैं। एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पीलीभीत जनपद के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी यादराम उर्फ यादा और धर्मेंद्र गिरी के दाहिने पैर में गोली लग गई और दोनों गिर पड़े। वहीं पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र के भरतपुर समोल मंडल को भागते समय पकड़ लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान सिपाही मंजेश और मनोज भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 17,520 रुपये नकद, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यादराम उर्फ यादा पीलीभीत का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक मामला बरेली जिले में भी शामिल है। धर्मेंद्र गिरी पर तीन और समोल मंडल पर दो आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। उपचार के बाद सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।






