खेल डेस्क, 5 मार्च 2026:
टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246 रन ही बना सकी। अब भारत का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से होगा।

भारत की जीत में संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजों के अहम मौकों पर लिए गए विकेट निर्णायक साबित हुए। 254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या ने फिल सॉल्ट को पांच रन पर आउट कर दिया। इसके बाद चौथे ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर हैरी ब्रूक का शानदार कैच अक्षर पटेल ने लपका और इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा।
हालांकि जेकब बेथेल ने आक्रामक बल्लेबाजी कर इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने छठे ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर मैच का रुख बदलने की कोशिश की लेकिन उसी ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्ड कर इंग्लैंड को फिर दबाव में ला दिया। पावरप्ले में इंग्लैंड ने तीन विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाए।

इसके बाद बेथेल और विल जैक्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 39 गेंद में 77 रन की साझेदारी हुई जिससे इंग्लैंड की उम्मीदें फिर जगीं। बेथेल ने 19 गेंद में अर्धशतक और 45 गेंद में शतक पूरा किया। उन्होंने 48 गेंद में 105 रन की शानदार पारी खेली लेकिन 14वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने विल जैक्स (35 रन) को आउट कर साझेदारी तोड़ दी।
आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे लेकिन पहली ही गेंद पर बेथेल रन आउट हो गए और भारत ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। अंततः इंग्लैंड 246 रन ही बना सका।
इससे पहले भारत की ओर से संजू सैमसन ने 42 गेंद में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने 18 गेंद में 39 रन बनाए और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 97 रन की साझेदारी हुई।

मध्यक्रम में शिवम दुबे ने 25 गेंद में 43 रन, तिलक वर्मा ने सात गेंद में 21 रन और हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद में 27 रन की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। इंग्लैंड के लिए विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर साबित हुई। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में जीत के साथ ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली है जहां अब उसकी भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी।






