Uttar Pradesh

दरोगा भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने की अफवाह! UP पुलिस भर्ती बोर्ड ने बताया फर्जी और भ्रामक, केस दर्ज

प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1090 केंद्रों पर कराई जा रही लिखित परीक्षा, 4543 पदों के लिए 15,75,760 अभ्यर्थी दे रहे एग्जाम

लखनऊ, 14 मार्च 2026:

यूपी पुलिस में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की पहली पाली के प्रश्नपत्र के कथित तौर पर लीक होने की अफवाह से हड़कंप मच गया। हालांकि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने तुरंत सफाई देते हुए वायरल प्रश्नपत्र को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।

भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा प्रश्नपत्र का स्क्रीनशॉट या दस्तावेज परीक्षा से किसी भी प्रकार से संबंधित नहीं है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के झांसे में न आएं तथा केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें।

UP SI Paper Leak Rumors Facts and Clarifications (1)

बोर्ड के अनुसार कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया के जरिए फर्जी प्रश्नपत्र फैलाकर अभ्यर्थियों को गुमराह करने और अनुचित लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भर्ती बोर्ड ने परीक्षा से पहले मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली अपरान्ह 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जागई। यह परीक्षा 15 मार्च को भी दो पालियों में कराई जाएगी।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए कुल 1090 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत 4543 पदों के लिए कुल 15,75,760 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

ये भी पढ़ें  इटावा सफारी पार्क : शेरनी रूपा के तीसरे शावक की मौत, अब सिर्फ एक बचा है जीवित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link