अयोध्या, 17 मार्च 2026:
कैंट और धाम रेलवे स्टेशन की कैंटीन इन दिनों गैस की कमी से जूझ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि खाना समय पर तैयार नहीं हो पा रहा, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। कैंटीन में गैस खत्म होने के बाद अब खाना इंडक्शन और इलेक्ट्रिक भट्टी पर बनाया जा रहा है। इससे काम तो किसी तरह चल रहा है, लेकिन बार-बार बिजली जाने से परेशानी और बढ़ जाती है। नतीजा यह है कि नाश्ता और भोजन तय समय पर नहीं मिल पा रहा।
कैंटीन में बिजली की अनियमित सप्लाई सबसे बड़ी दिक्कत बन गई है। कई बार खाना बनाते-बनाते बिजली चली जाती है, जिससे पूरा सिस्टम बिगड़ जाता है। धाम रेलवे स्टेशन की कैंटीन में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। यहां भी इलेक्ट्रिक भट्टी के भरोसे काम चल रहा है। ऐसे में रोटी और ताजा खाना बनाना मुश्किल हो गया है। यात्रियों को खासतौर पर थाली और गरम भोजन न मिलने से परेशानी हो रही है।
आम दिनों में जहां रोटी, सब्जी और पूरी थाली आसानी से मिल जाती थी, वहीं अब सीमित आइटम ही तैयार हो पा रहे हैं। चाय, समोसा और कचौड़ी जैसे कुछ सामान ही किसी तरह बनाए जा रहे हैं। गैस की कमी ने स्टेशन की खानपान व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है, जिसका सीधा असर यात्रियों की सुविधा पर पड़ रहा है।






