लखनऊ, 17 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शहर के ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट में फ्लैट्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अप्रैल कर दी है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक लोगों की मांग को देखते हुए पंजीकरण अवधि को एक माह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
एलडीए के इस प्रीमियम ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट में लगभग 1900 वर्गफुट क्षेत्रफल के 384 फ्लैट बनाए जाएंगे। सभी फ्लैट 3 बीएचके और स्टडी कैटेगरी के होंगे। इनकी शुरुआती कीमत करीब 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है। इच्छुक आवेदक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण के लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य का 5 प्रतिशत बतौर शुल्क जमा करना होगा। आरक्षित वर्ग के लिए यह शुल्क 2.5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार यह प्रोजेक्ट ऐशबाग स्थित मिल रोड पर लगभग 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसमें कुल चार टावर बनाए जाएंगे। इसका हर टावर 27 मंजिल का होगा। पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित यह परियोजना कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यहां से चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग तथा अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजार नजदीक पड़ते हैं।
सोसाइटी में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही परिसर में ही व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कॉमर्शियल दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा।
एलडीए ने इस परियोजना को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। आवंटियों को पांच वर्ष के भीतर फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद लाभार्थी 36 महीने की किश्तों में भुगतान कर सकेंगे जबकि 45 से 90 दिनों में पूरी रकम जमा करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।






