Uttar Pradesh

पर्वों पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं : CM योगी का सख्त संदेश, ‘जीरो टॉलरेंस’ के साथ होगी कार्रवाई

नवरात्र, अलविदा की नमाज और ईद से पहले हाई अलर्ट, लाउडस्पीकर, स्टंटबाजी, जमाखोरी पर भी कड़ी नजर, अधिकारियों को शांति-सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ, 19 मार्च 2026:

यूपी में आगामी त्योहारों को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द से किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक उद्दंडता या माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बुधवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने गुरुवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र, इसके बाद अलविदा की नमाज और ईद-उल-फितर को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंडलायुक्तों, डीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय के साथ शांतिपूर्ण माहौल हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। सीएम ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि धार्मिक आयोजनों में पारंपरिक स्वरूप का ही पालन कराया जाए और किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान प्रमुख देवी मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। हाल के दिनों में बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, जालौन, गोरखपुर, आगरा, जौनपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में हुई आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी अपराध पूरे समाज का माहौल बिगाड़ सकता है। इसलिए हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

ये भी पढ़ें:

चेन स्नेचिंग और अन्य अपराधों पर नियंत्रण के लिए पीआरवी-112 वाहनों की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि अपराधियों में पुलिस की वर्दी का खौफ दिखना चाहिए। लाउडस्पीकर के मुद्दे पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि आवाज निर्धारित मानकों के भीतर ही रहे, अन्यथा सख्ती से हटाने की कार्रवाई की जाए। वहीं, बाइक स्टंटबाजी पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल रोकने के निर्देश दिए गए।

Advertisement

एलपीजी आपूर्ति को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद आम जनता को किसी तरह की दिक्कत न हो। कृत्रिम कमी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अयोध्या और मथुरा-वृंदावन में प्रस्तावित राष्ट्रपति दौरे को लेकर भी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निराश्रित गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने, समय पर भुगतान और चारा-पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक से पहले डीजीपी ने बताया कि नवरात्र, ईद-उल-फितर और आगामी रामनवमी के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. फुट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। इस बैठक में सभी मंडलायुक्त, डीएम, एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी रेंज, एसएसपी एवं एसपी समेत शासन के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे।

ये भी पढ़ें  सरकार का कालाबाजारी पर वार...डिपो से कोटे की दुकानों तक सरकारी राशन की डिजिटल निगरानी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link