Lucknow City

एलडीए : शहर में आवास व विकास को मिलेगी रफ्तार…5,148 करोड़ का बजट मंजूर

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की बोर्ड हुई बैठक, शारदा नगर में 848 अफोर्डेबल फ्लैट, वेलनेस सिटी, आईटी सिटी और वरूण विहार के लिए भी बजट

लखनऊ, 20 मार्च 2026:

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) इस वित्तीय वर्ष में 5,148 करोड़ रूपये से शहर में आवासीय योजनाओं, इन्फ्रास्ट्रक्चर, विकास और सौंदर्यीकरण के कामों को आगे बढ़ाएगा। प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पास कर लिया गया। इस बजट में शारदा नगर विस्तार योजना की अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम भी शामिल है, जिसमें लगभग 200 करोड़ रूपये खर्च कर 848 फ्लैट बनाए जाएंगे।

बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शारदा नगर विस्तार योजना में 12 मंजिल के चार टावरों में 848 फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें 1 बीएचके के 156 फ्लैट लगभग 40 वर्गमीटर और 2 बीएचके के 692 फ्लैट लगभग 55 वर्गमीटर के होंगे। योजना में स्टिल्ट पार्किंग, लिफ्ट, पार्क, बच्चों के खेलने का एरिया और स्वच्छ जल व बिजली की सुविधा भी दी जाएगी।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 7.58.48 PM

नई आवासीय योजनाओं के लिए जमीन खरीदी जाएगी

आईटी सिटी, वेलनेस सिटी, नैमिष नगर और वरूण विहार के लिए जमीन खरीदने और अर्जन का काम करने के लिए 1,600 करोड़ रूपये का बजट पास हुआ। इससे नए प्रोजेक्ट शुरू करने और अधूरी योजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। आवासीय योजनाओं के विकास और अनुरक्षण के लिए 1,298 करोड़ रूपये, और अवस्थापना सुविधाओं के लिए 200 करोड़ रूपये का बजट रखा गया है।

ग्रीन कॉरिडोर पर फोकस व अवैध निर्माण पर कार्रवाई को मिलेगी गति

एलडीए की ग्रीन कॉरिडोर योजना के लिए 400 करोड़ रूपये का बजट जारी किया गया। शहर में नए पार्क बनाने और पुराने पार्कों की देखभाल के लिए 60 करोड़ रूपये स्वीकृत हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत नए भवन निर्माण के लिए भी बजट रखा गया। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के लिए 2 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 7.58.49 PM

गोमती नगर विस्तार में बनेगा सामुदायिक केंद्र

गोमती नगर विस्तार में सरस्वती अपार्टमेंट के पास अतिरिक्त जमीन को सामुदायिक केंद्र बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। सेक्टर-6 में कुछ भूखंडों के सामने प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क को घटाकर 9 मीटर करने और शेष भूमि को व्यावसायिक और आवासीय उपयोग के लिए नियोजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।

पारिजात व पंचशील अपार्टमेंट की कीमत नहीं बढ़ेगी

गोमती नगर में पारिजात और पंचशील अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमत एक साल के लिए स्थिर रखी गई है। नए वित्तीय वर्ष में इनकी कीमत नहीं बढ़ेगी और लोग पुराने दामों पर फ्लैट खरीद सकेंगे। साथ ही एलडीए से आवंटित इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की संपत्ति पर नई भवन निर्माण नियमावली-2025 लागू करने का प्रस्ताव भी पास हुआ।

अनंत नगर के प्रभावितों को राहत

अनंत नगर (मोहान रोड) आवासीय योजना से प्रभावित लोगों को एलडीए ने राहत देने का प्रस्ताव पास किया। योजना में शामिल ग्राम कलियाखेड़ा व प्यारेपुर में कुछ लोगों ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध भवन बना लिया था। अब उन परिवारों को देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

ले-आउट संशोधन से विकास को गति

सीजी सिटी, ऐशबाग योजना और रिफा-ए-आम योजना के लेआउट में संशोधन और पुनर्नियोजन के प्रस्ताव पास हुए। अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर की हाईटेक टाउनशिप में बेचे गए भूखंडों के मानचित्र और ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम में शुल्क संशोधन का प्रस्ताव भी मंजूर हुआ। इसके अलावा उत्तर प्रदेश शहरी पुनर्विकास नीति-2026 लागू करने का प्रस्ताव भी पास हुआ।

बैठक में उपाध्यक्ष के अलावा सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, सीपी त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और बोर्ड के सदस्य पीएन सिंह व पुष्कर शुक्ला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button