लखनऊ/मथुरा, 21 मार्च 2026:
यूपी में ईद के मौके पर अलर्ट और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच मथुरा के छाता क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने हिंसक रूप ले लिया। ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से चर्चित गोरक्षक चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद शनिवार को इलाके में भारी बवाल हो गया।
मृतक के साथियों के मुताबिक चंद्रशेखर अपनी बाइक से कथित गोतस्करों के ट्रक का पीछा कर रहे थे। उन्होंने ट्रक को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। इस पर ट्रक ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग दिल्ली-मथुरा हाईवे पर जुट गए और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। देखते ही देखते करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम खुलवाने पहुंची पुलिस को उग्र भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। गुस्साई भीड़ ने 5 से 6 पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। उनके शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। इस दौरान फायरिंग की भी सूचना है।

हालात फिर बिगड़ने पर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद अतिरिक्त बल और सेना की टुकड़ी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा लेकिन दोपहर तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि घटना स्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रही थीं। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।







