शेयर मार्केट में फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स पर शिकंजा… सेबी ने लॉन्च किया वेरिफाइड बैज सिस्टम
गूगल प्ले स्टोर पर असली ऐप्स की पहचान अब आसान होगी, पहले चरण में 600 ब्रोकर्स ऐप्स शामिल, आगे दायरा और बढ़ेगा
बिजनेस डेस्क, 26 मार्च 2026:
शेयर बाजार में बढ़ते निवेशकों के बीच फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए Securities and Exchange Board of India (सेबी) ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब गूगल के साथ मिलकर प्ले स्टोर पर वेरिफाइड बैज सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे असली और सुरक्षित ऐप्स की पहचान आसान हो सकेगी।
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने इसे निवेशकों की सुरक्षा से जुड़ा अहम फैसला बताया। उनके मुताबिक, फर्जी ऐप्स लोगों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए पहले से सतर्क रहना जरूरी है। नई व्यवस्था के तहत गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद भरोसेमंद ऐप्स पर खास वेरिफाइड बैज दिखेगा। यूजर इस बैज के जरिए आसानी से समझ सकेंगे कि कौन सा ऐप सुरक्षित है और किससे दूरी रखनी चाहिए।

इस पहल की शुरुआत फिलहाल 600 स्टॉक ब्रोकर्स के ऐप्स के साथ की जा रही है। आगे चलकर रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार और ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म को भी इसमें शामिल किया जाएगा। सेबी ने बताया कि देश में निवेशकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और यह आंकड़ा 14 करोड़ के पार पहुंच चुका है। बाजार का कुल मार्केट कैप भी 423 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
ऐसे में निवेशकों का भरोसा बनाए रखना सबसे बड़ी जरूरत बन गई है। नियामक ने बड़ी टेक कंपनियों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। अब तक की कार्रवाई में 1.3 लाख से ज्यादा वेब पेज हटाए जा चुके हैं और 66 फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स को प्लेटफॉर्म से हटाया गया है।





