Lucknow City

लाइन में लगी जनता, निशाने पर सरकार : अखिलेश यादव का तंज… एक कचौरी एक समोसा, अब गैस पर न रहा भरोसा

LPG से लेकर निवेश तक उठाए सवाल, नोएडा से चुनावी अभियान की घोषणा, PDA को मजबूत करने का दावा, पेंशन, लैपटॉप और महिलाओं को ₹40 हजार देने का वादा

लखनऊ, 26 मार्च 2026:

सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने घरेलू गैस संकट को लेकर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गैस सिलेंडर का वजन कम कर दिया है और लोगों को गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होने को मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति कोरोना काल की याद दिला रही है जब लोग जरूरी सामान के लिए घंटों लाइन में लगते थे।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार ने जनता को लाइन में लगाने के अलावा किया ही क्या है। अब पेट्रोल के लिए भी लोग लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता भी लाइन में लगकर इस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए कहा कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, पीडीए उतना ही मजबूत होगा।

एलपीजी संकट पर उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी में अब एलपीजी का मतलब लापता गैस हो गया है। गैस की कमी के चलते लोग फिर से चूल्हे और कोयले का सहारा लेने को मजबूर हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि एक कचौरी, एक समोसा, अब गैस पर न रहा भरोसा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने 29 मार्च से नोएडा से चुनावी अभियान शुरू करने की घोषणा की और अधिक से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा करती है। जातीय जनगणना के आधार पर योजनाओं का लाभ देने की पक्षधर है।

चुनावी वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना दोबारा शुरू की जाएगी। युवाओं को लैपटॉप दिए जाएंगे और नारी सम्मान समृद्धि योजना के तहत महिलाओं के खातों में 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने सरकार के निवेश समझौतों (MoU) पर भी सवाल उठाए और कथित तौर पर एक छोटी कंपनी के साथ बड़े निवेश करार को लेकर जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में मंत्री प्रोपोगेंडा में ज्यादा व्यस्त हैं और जनता को ठगा गया है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button