Gorakhpur

नौ साल की यात्रा में गोरखपुर बना पूर्वांचल का नया टूरिज्म हब…होटल इंडस्ट्री को भी मिली रफ्तार

रामगढ़ताल और चिलुआताल के कायाकल्प से बढ़ा आकर्षण, फाइव स्टार होटलों के साथ इको टूरिज्म और जटायु सेंटर ने खींचे सैलानी, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर हुआ मजबूत

गोरखपुर, 26 मार्च 2026:

बीते नौ साल में गोरखपुर की तस्वीर तेजी से बदली है। शहर अब केवल पारंपरिक पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी मजबूत जगह बना रहा है। पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं के जमीन पर उतरने के बाद शहर में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। इसका सीधा असर होटल इंडस्ट्री पर भी दिख रहा है। शहर में रैडिसन ब्लू, मैरियट और रमाडा जैसे फाइव स्टार होटल सक्रिय हैं, जहां लगातार रौनक रहती है। आने वाले समय में ताज होटल भी शुरू होने की तैयारी में है।

गोरखपुर की लोकेशन भी इसे टूरिज्म के लिहाज से खास बनाती है। बौद्ध सर्किट से जुड़े सारनाथ, कुशीनगर, कपिलवस्तु और लुम्बिनी जाने वाले ज्यादातर पर्यटक इसी रास्ते से गुजरते हैं। पहले यहां ठहरने के बेहतर इंतजाम नहीं थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।

रामगढ़ताल बना सबसे बड़ा आकर्षण

शहर में पर्यटन की पहचान अब केवल गोरखनाथ मंदिर तक सीमित नहीं रही। रामगढ़ताल इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। करीब 1700 एकड़ में फैले इस ताल का कायाकल्प होने के बाद यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो गया है।

यहां अब बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स और क्रूज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ताल के किनारे बने वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग प्रतियोगिता भी हो चुकी है। स्थानीय युवाओं को यहां ट्रेनिंग भी दी जा रही है। रामगढ़ताल के साथ ही शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित चिलुआताल का भी विकास किया गया है, जिससे सैलानियों के लिए एक और विकल्प तैयार हुआ है।

चिड़ियाघर और जटायु सेंटर से बढ़ा आकर्षण

गोरखपुर में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा मिला है। शहीद अशफाक उल्ला खां चिड़ियाघर अब पूरे पूर्वांचल के लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां मौजूद 7-डी थिएटर पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। इसके अलावा कैम्पियरगंज क्षेत्र में राजगिद्ध यानी जटायु संरक्षण और प्रजनन केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिसे एशिया का पहला ऐसा केंद्र माना जा रहा है।

होटल मैनेजमेंट संस्थान से मिलेगा स्थानीय युवाओं को मौका

पर्यटन और होटल इंडस्ट्री के विस्तार के साथ ही प्रशिक्षित स्टाफ की मांग भी बढ़ी है। इसे देखते हुए गोरखपुर में प्रदेश का पहला स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट स्थापित किया गया है। यहां जल्द ही कोर्स शुरू होने की तैयारी है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए मौके मिलेंगे। शहर में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों के चलते होटल, ट्रैवल और सर्विस सेक्टर में रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button