
गोरखपुर, 29 सितंबर 2026:
गोरखपुर प्रवास के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। खासतौर पर जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जमीन को कब्जामुक्त कराने के साथ कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है। उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता के साथ तत्परता भी जरूरी है। हर शिकायत का समाधान पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए। उन्होंने चेताया कि शिथिलता या लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। कब्जा हटाने के साथ दोषियों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए हरसंभव मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्रों पर अधिकारियों को इलाज संबंधी एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।

गोशाला में पहुंचे सीएम, गोवंश को खिलाया गुड़
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने गायों, गोवंश और नंदी को दुलारा तथा गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी लेते हुए उनके समुचित संरक्षण और देखभाल के निर्देश भी दिए।






