Gorakhpur

गोरखनाथ मंदिर में पर्वों की धूम के बीच योगी ने दिया संदेश…प्रदेश में सज्जन सुरक्षित, दुर्जनों की खैर नहीं

नवरात्र में कन्या पूजन, भोज व रामनवमी के बाद मीडिया से रूबरू हुए सीएम, विकास, विरासत और महिला सुरक्षा के साथ प्रदेश में मजबूत प्रशासन

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 27 मार्च 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर नागरिक के लिए सुरक्षा का भरोसा है, जबकि जो लोग कानून तोड़ते हैं, उनके लिए कोई रियायत नहीं। सरकार भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों के खिलाफ सख्त नीति अपनाती है। प्रदेश में विरासत का सम्मान और विकास का संतुलन दोनों बनाए रखा गया है।

गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन व रामनवमी पर्व मनाने के बाद सीएम मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने नवरात्रि की नवमी और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रामराज्य की सोच के तहत सभी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक बिना भेदभाव पहुंच रहा है। पिछले 11 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में 2 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय, 65 लाख परिवारों को आवास योजना का लाभ, और लगभग 10 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिला। 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन भी उपलब्ध कराया गया।

सीएम ने कहा कि चैत्र शुक्ल नवमी सुख-समृद्धि और खुशहाली का संदेश देती है। इसी दिन राम का जन्मोत्सव, यानी रामनवमी, भी मनाया जाता है। राम का आदर्श जीवन हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है। 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री ने रामलला की दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की। राम दरबार में राम, जानकी, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान जी विराजमान हैं। 25 नवंबर 2025 को केसरिया ध्वज का आरोहण भी हुआ।

सीएम ने कहा कि नवरात्रि मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कई कार्यक्रम चल रहे हैं। कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना के साथ यूपी पुलिस में 20 फीसदी महिला आरक्षण भी सुनिश्चित किया गया है। अब 44,000 से ज्यादा महिला अधिकारी और कर्मी इस अभियान में योगदान दे रही हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button