Lucknow CityUttar Pradesh

UP में बदला मौसम बना आफत : कई जिलों में बारिश के साथ ओलों की मार, गेहूं-सरसों की फसल को नुकसान

अमेठी, सुल्तानपुर और रायबरेली में गिरे ओलों ने किसानों की मुश्किल बढ़ाई, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, अगले कुछ दिन तक बारिश-आंधी और ओलों का अलर्ट

लखनऊ, 28 मार्च 2026:

यूपी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई जिलों में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बारिश और आंधी का दौर देर रात तक जारी रहा। इसने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। लखनऊ, सुल्तानपुर, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, प्रतापगढ़, वाराणसी सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर ओलावृष्टि ने हालात और बिगाड़ दिए।

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार शाम रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं अमेठी, सुल्तानपुर और रायबरेली में तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश और ओलों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि कटाई के समय हुई ओलावृष्टि उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर सकती है।

WhatsApp Image 2026-03-28 at 12.10.54 PM (1)

रायबरेली के डीह क्षेत्र में तेज आंधी और ओलावृष्टि से गेहूं की बालियां गिर गईं जबकि सरसों की फलियां झड़ गईं। दलहन की फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सुल्तानपुर के करौंदीकला और भदैया क्षेत्रों में भी ओले गिरने से नुकसान की खबर है।

प्रतापगढ़ में तेज आंधी के दौरान अयोध्या-प्रयागराज हाईवे किनारे लगा यूनीपोल उखड़कर एक कार पर गिर गया जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाराणसी में भी आंधी से पेड़ गिरने और कच्चा मकान ढहने की घटना सामने आई। हालांकि मकान में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

WhatsApp Image 2026-03-28 at 12.10.54 PM

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। साथ ही बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button