Uttarakhand

पुलिस हिरासत में पीआरडी कर्मचारी की मौत… एसओ समेत चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

नशे की हालत में पेट्रोल पंप पर किया था हंगामा हिरासत में लेने के बाद हवालात में फंदे से लटका मिला

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 29 मार्च 2026:

राजधानी देहरादून के रायपुर थाने में पुलिस हवालात के अंदर पीआरडी में तैनात प्रधान सहायक सुनील रतूड़ी (45) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। फिलहाल एसएसपी ने जांच के आदेश देकर एसओ समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है।

लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे एक व्यक्ति के पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे न देने और कर्मचारियों से विवाद करने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात न बनने पर हिरासत में लेकर रायपुर थाने ले आई।

ये भी पढ़ें:

थाने में पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सुनील रतूड़ी बताया, जो पीआरडी कॉलोनी तपोवन रोड का रहने वाला था। ब्रीथ एनेलाइजर से जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। शुरुआत में उसे कार्यालय में बैठाया गया, लेकिन हंगामा करने पर पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया।

कुछ देर बाद हवालात के अंदर उसने कंबल से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता चलते ही थाने में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही रायपुर थाने के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि सुनील रतूड़ी मूल रूप से टिहरी जिले का रहने वाला था और पीआरडी विभाग में कार्यरत था।

READ MORE

ये भी पढ़ें  हाईकोर्ट की टिप्पणी, अखिलेश का सरकार पर वार... जिस युग में पुलिस ही अपराधी बन जाए वही कलयुग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link