Lucknow City

लखनऊ : बजरंग दल-विहिप का शक्ति प्रदर्शन… अवैध धर्मांतरण पर सख्त कानून की मांग

विधानसभा मार्ग पर पटेल प्रतिमा के पास जुटे कार्यकर्ता, कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियों में कथित मामलों को लेकर जताई चिंता

लखनऊ, 17 अप्रैल 2026:

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लखनऊ में विधानसभा मार्ग स्थित पटेल प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए देशभर में सख्त कानून बनाए जाने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान विहिप प्रांत संगठन मंत्री अवध प्रांत विजय प्रताप ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ मामलों को लेकर धर्मांतरण और दबाव में धर्म बदलवाने जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनकी गंभीर जांच जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियों से जुड़े मामलों में भी इस तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने आरोप लगाया कि यह मुद्दा केवल एक क्षेत्र या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग अलग जगहों से इस तरह की शिकायतें मिलती रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में बने सख्त कानूनों के बाद ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण की बात सामने आई है। इसी आधार पर संगठन ने देशभर में एक समान कठोर कानून लागू करने की मांग की। धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की अपील की।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button