लखनऊ, 25 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए किसान पथ के आसपास बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान करीब 95 बीघा क्षेत्रफल में फैली तीन अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-एक की टीम द्वारा की गई। जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने बीबीडी क्षेत्र के जुग्गौर स्थित ग्राम दुधरा और कुम्हारनपुरवा में लगभग 50 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। यहां अजयवीर और अन्य लोगों द्वारा बिना किसी स्वीकृति के प्लाटिंग का काम किया जा रहा था।

इसके अलावा अवध डेवलपर्स के एसपी सिंह व अन्य द्वारा ग्राम मेहौरा और सिकन्दरपुर में लगभग 30 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी इसे भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, ग्राम नूरपुर बेहटा में अनमोल स्टेट द्वारा करीब 15 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चला।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार, इन सभी कॉलोनियों का ले-आउट प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं था, बावजूद इसके बड़े पैमाने पर प्लॉट बेचे जा रहे थे। ऐसे में आम लोगों को ठगी से बचाने और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि एलडीए इससे पहले गोमतीनगर विस्तार, चिनहट, काकोरी, मोहनलालगंज और गोसाईगंज समेत कई क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई कर चुका है। प्राधिकरण ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों को ताक पर रखकर जमीन का खेल करने वालों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी।






