IPL 2026: जयपुर में गुजरात का जलवा… 77 रन से राजस्थान कों रौंदा, गिल-सुदर्शन ने ढाया कहर
शुभमन गिल व साई सुदर्शन की विस्फोटक साझेदारी ने गुजरात टाइटंस को 229 रन तक पहुंचाया, राशिद खान व जेसन होल्डर की धारदार गेंदबाजी के आगे 152 रन पर सिमटी राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम
स्पोर्ट्स डेस्क, 10 मई 2026:
गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हरा दिया। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई।
रनों के अंतर के लिहाज से यह गुजरात टाइटंस की आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने 2023 में मुंबई इंडियंस को 62 रन से हराया था। वहीं, 2025 के बाद से जयपुर में खेले गए आठ मैचों में राजस्थान की यह सातवीं हार रही।
गिल और सुदर्शन ने रखी जीत की बुनियाद
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात को शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े और राजस्थान के गेंदबाजों को शुरुआत से ही दबाव में रखा।

साई सुदर्शन ने 36 गेंदों पर 55 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। जोस बटलर 13 रन बनाकर लौटे, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
राजस्थान की बल्लेबाजी बिखरी
230 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। ध्रुव जुरेल ने 24 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 25 गेंदों पर 38 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें कोई ठोस साथ नहीं मिला। शुभम दुबे ने 15 और दासुन शनाका ने 16 रन बनाए।
राशिद और होल्डर ने पलटा मैच
गुजरात की ओर से राशिद खान ने चार ओवर में 33 रन देकर चार विकेट लिए। जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट झटके। कगिसो रबाडा को दो विकेट मिले, जबकि मोहम्मद सिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

जोफ्रा आर्चर के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपने पहले ओवर में कुल 11 गेंदें डालीं। इस दौरान उन्होंने चार वाइड और एक नो-बॉल फेंकी। इस ओवर में 18 रन बने। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे लंबा ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए।
गिल-सुदर्शन की जोड़ी कोहली व गेल के बराबर पहुंची
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की यह आईपीएल में नौवीं शतकीय साझेदारी रही। इस आंकड़े के साथ उन्होंने विराट कोहली और क्रिस गेल की जोड़ी की बराबरी कर ली। आईपीएल इतिहास में उनसे आगे अब केवल विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी है, जिन्होंने 10 बार शतकीय साझेदारी की है। बतौर सलामी जोड़ी भी गिल और सुदर्शन ने छठी बार 100 से ज्यादा रन जोड़े। इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की बराबरी कर ली है।






