स्पोर्ट्स डेस्क, 20 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 54 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 254 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी। आज सोमवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस व गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला जाएगा।
पंजाब की पारी की शुरुआत खराब रही और प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मैच पूरी तरह पलट दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 गेंद में 182 रन की बड़ी साझेदारी हुई। प्रियांश ने 37 गेंद में 93 रन ठोके, जिसमें 9 छक्के शामिल रहे। कोनोली ने 46 गेंद में 87 रन बनाए और तेजी से रन बटोरे।
मध्य क्रम में शशांक और मार्कस स्टोइनिस ने तेजी से रन जोड़कर टीम को 250 के पार पहुंचाया। लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी बिखरी हुई नजर आई। एडेन मार्करम ने एक ही ओवर में 32 रन लुटा दिए, जो टीम के लिए भारी पड़ा।
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत ठीक रही। आयुष बदोनी और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। मार्श ने 40 और बदोनी ने 35 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत ने भी 23 गेंद में 43 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को जीत की राह पर नहीं ला सके।
निकोलस पूरन एक बार फिर नाकाम रहे और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। बाद में एडेन मार्करम ने 42 रन बनाए, मगर तब तक मैच हाथ से निकल चुका था। गेंदबाजी में मार्को यानसेन ने 2 विकेट लेकर लखनऊ की रफ्तार पर ब्रेक लगाया। अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक और युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।
इस जीत के साथ पंजाब 6 मैच में 11 अंक लेकर टॉप पर बना हुआ है। वहीं लखनऊ की टीम 6 मैच में 4 अंक के साथ आठवें स्थान पर खिसक गई है।






