विजय पटेल
रायबरेली, 10 मई 2026:
सदर कोतवाली क्षेत्र के कहारों के अड्डे के पास एक जर्जर मकान का छज्जा गिरने से फल विक्रेता मोहम्मद सलीम (45) की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह सड़क किनारे अपनी रेहड़ी समेट रहे थे। भारी मलबे के बोझ से फल फट गए थे। ये मंजर देखकर लोगों ने इलाके के अन्य जर्जर मकानों के ध्वस्तीकरण की मांग रखी।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद सलीम रोज की तरह तिरपाल के नीचे तरबूज और खरबूजा बेच रहे थे। देर रात जब वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुराने मकान का भारी छज्जा अचानक टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक वह मलबे में दब चुके थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सदर कोतवाली पुलिस पहुंच गई।

पुलिस ने लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सलीम को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना का मंजर देखकर मातम छा गया। भारी मलबे से तरबूज फट गए थे। हजारों की कीमत का फल भी बर्बाद हो गया था। मोहम्मद सलीम अपने परिवार का गुजारा फल बेचकर करते थे। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में रोने-बिलखने का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई पुराने और जर्जर मकान खड़े हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों की पहचान कर उन्हें गिराने की मांग की है।
बताया गया कि कहारों के अड्डा क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके है।






