एंटरटेनमेंट डेस्क, 10 मई 2026:
‘दृश्यम 3’ का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इस बार मामला पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक दिखाई दे रहा है।
सिनेमा प्रेमियों के लिए ये फिल्म ऐसा रहस्य बन चुकी हैं जिसका नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में जॉर्जकुट्टी का चेहरा घूमने लगता है। वही जॉर्जकुट्टी जिसने शातिर दिमाग से पुलिस को हर बार मात दी अपने परिवार को बचाया और दर्शकों को आखिरी पल तक सीट से बांधे रखा।
पुराना राज फिर बाहर आने वाला है
ट्रेलर की शुरुआत होते ही बैकग्राउंड म्यूजिक और रहस्यमयी विजुअल्स ऐसा माहौल बना देते हैं कि दिल की धड़कनें खुद-ब-खुद तेज हो जाएं। हर फ्रेम में बेचैनी है हर चेहरे पर डर है और सबसे ज्यादा सवाल जॉर्जकुट्टी की आंखों में दिखाई देते हैं। पिछली बार उसने अपने परिवार को बचा लिया था लेकिन इस बार लगता है कि पुराना राज फिर से बाहर आने की कगार पर है। पुलिस दोबारा एक्टिव हो चुकी है, शक की सुई फिर उसी की तरफ घूम रही है और सबसे बड़ा खतरा अब उसके परिवार पर मंडराता दिख रहा है।
सस्पेंस हुआ गहरा, कहानी में आए कई मोड़
ट्रेलर, कहानी के बड़े राज नहीं खोलता लेकिन इतने संकेत जरूर दे देता है कि इस बार जॉर्जकुट्टी की जिंदगी पहले जैसी आसान नहीं रहने वाली। उसकी मेहनत से बनाई गई शांत जिंदगी अब टूटती नजर आ रही है। फिल्म का सबसे मजबूत पहलू वही पुराना दृश्यम वाला सस्पेंस है। तेज रफ्तार सीन्स अचानक होने वाले टकराव और रहस्य से भरे डायलॉग्स दर्शकों को लगातार सोचने पर मजबूर करते हैं कि आखिर इस बार सच क्या है?
सबसे दिलचस्प बात ये है कि ट्रेलर कहीं भी कहानी का बड़ा ट्विस्ट जाहिर नहीं करता। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर फैंस अपनी-अपनी थ्योरी बना रहे हैं कोई कह रहा है कि पुराना केस फिर खुल गया है तो कोई मान रहा है कि इस बार जॉर्जकुट्टी का सबसे बड़ा दुश्मन उसका अपना डर बनने वाला है।
मोहनलाल एक बार फिर जॉर्जकुट्टी के किरदार में उसी गंभीरता और रहस्य के साथ लौटे हैं। उनके साथ मीना, अन्सिबा हसन, और एस्थर अनिल भी नजर आने वाले हैं। वहीं सहायक कलाकारों में सिद्दीकी, आशा शरथ और मुरली गोपी शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन एक बार फिर जीथू जोसफ ने किया है जिन्होंने इस फ्रैंचाइजी को भारत की सबसे बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों में शामिल कर दिया।
खास दिन होगी रिलीज़ ‘दृश्यम 3’
सबसे खास बात ये है कि फिल्म 21 मई को रिलीज होगी जिस दिन मोहनलाल का जन्मदिन भी है। यानी फैंस के लिए ये डबल सेलिब्रेशन होने वाला है। 2013 में आई पहली दृश्यम और फिर 2021 की ‘दृश्यम 2’ ने जिस तरह दर्शकों को चौंकाया था उसके बाद तीसरे पार्ट से उम्मीदें आसमान पर हैं। यही वजह है कि ट्रेलर आते ही इंटरनेट पर हलचल मच गई है।
अब सवाल सिर्फ एक है क्या इस बार भी जॉर्जकुट्टी अपने परिवार को बचा पाएगा? या फिर 2 और 3 अक्टूबर का वो राज आखिरकार दुनिया के सामने आ जाएगा?






