National

थलापति विजय बने तमिलनाडु के CM, शपथ लेते ही किए बड़े ऐलान, जानिए किसको मिला मंत्री पद

द्रविड़ राजनीति का किला टूटा, डीएमके व एआईएडीएमके के 60 साल पुराने सत्ता चक्र का अंत, कांग्रेस समेत सहयोगी दलों के समर्थन से टीवीके सरकार बनी, 200 यूनिट फ्री बिजली और महिला सुरक्षा पर तुरंत फैसले

न्यूज डेस्क, 10 मई 2026:

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार से राजनीति के बड़े चेहरे बने तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय ने तमिल भाषा में शपथ ली। समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के नेता मौजूद रहे।

दो साल में ही टीवीके को सत्ता तक पहुंचाया

विजय के मुख्यमंत्री बनते ही तमिलनाडु की राजनीति में लगभग छह दशक से चला आ रहा डीएमके और एआईएडीएमके का बारी-बारी से सत्ता में आने का दौर समाप्त हो गया। महज दो साल पहले राजनीति में सक्रिय हुए विजय ने अपनी पार्टी टीवीके को सत्ता तक पहुंचाकर राज्य की सियासत में बड़ा उलटफेर कर दिया।

ये भी पढ़ें:

शपथ से आगे बोलने पर राज्यपाल ने रोका

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक दिलचस्प क्षण भी देखने को मिला। विजय निर्धारित शपथ से आगे कुछ अतिरिक्त बातें बोलने लगे। इस पर राज्यपाल अर्लेकर ने उन्हें बीच में रोकते हुए केवल लिखित शपथ पढ़ने को कहा।

WhatsApp Image 2026-05-10 at 11.53.00 AM

मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने मंच पर ही तीन बड़े आदेशों पर हस्ताक्षर कर अपने इरादे साफ कर दिए। इनमें अगले दो महीने तक राज्य के हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, नशे के खिलाफ हर जिले में विशेष बल गठित करने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का फैसला शामिल है।

13 मई या उससे पहले विधानसभा में साबित करना होगा विश्वासमत

234 सदस्यीय विधानसभा में विजय को 120 विधायकों का समर्थन हासिल है। शनिवार शाम वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के बाद यह आंकड़ा बहुमत तक पहुंचा। इसके बाद विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन पत्र सौंपे थे। राज्यपाल ने उन्हें 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वासमत साबित करने का निर्देश दिया है।

विजय दो सीटों से जीते चुनाव, एक छोड़नी होगी

हालिया विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती थीं। हालांकि विजय के दो सीटों से जीतने के कारण पार्टी की वास्तविक संख्या 107 मानी जा रही है। विजय पेरंबूर और तिरुची ईस्ट दोनों सीटों से निर्वाचित हुए हैं। उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।

इन नेताओं को मिली मंत्री की कुर्सी

विजय के पहले मंत्रिमंडल में कुल नौ मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। फिलहाल किसी सहयोगी दल को मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है। मंत्रिमंडल में एक महिला और अनुसूचित जाति समुदाय से एक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।

WhatsApp Image 2026-05-10 at 11.53.07 AM

विजय सरकार के पहले बड़े फैसले

-हर घर को दो महीने तक 200 यूनिट मुफ्त बिजली

-नशे के खिलाफ हर जिले में स्पेशल फोर्स

-महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल टास्क फोर्स

READ MORE 

ये भी पढ़ें  दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, चाकूबाजी में दो लोग घायल, आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button