Raebareli City

Raebareli : नाराज पति से की सुलह, प्रेमी को मौत के घाट उतारा, घर में दफनाया शव, बदबू ने खोला राज

डलमऊ इलाके में हुई वारदात, पत्नी से अलग होने के बाद प्रेमी से होने लगा था झगड़ा, पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया, पति के साथ मिलकर वारदात करने की बात कबूली, पुलिस ने घर में खोदाई कर शव बरामद किया

विजय पटेल

रायबरेली, 1 अगस्त 2026:

रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को घर के कमरे में दफना दिया। घर से बदबू आने पर मामला खुला और पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद कर लिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका पति फरार है।

ग्राम प्रधान को बताया राज, फिर पहुंची पुलिस

ये भी पढ़ें:

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में महिला ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर कमरे की जमीन खोदी गई, जहां से युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पति से अलग रहने के दौरान हुआ था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, पूरे रजऊ मजरे गांव की रहने वाली रीता पासवान की शादी वर्ष 2016 में रामप्रकाश पासवान से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। शादी के कुछ साल बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा और रीता मायके में रहने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान कटघर थाना क्षेत्र के रहने वाले अमित रैदास से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और अमित भी महिला के मायके में रहने लगा। पुलिस का कहना है कि रीता का पति भी ससुराल आता-जाता रहता था।

विवाद के बाद बनाई हत्या की योजना

पिछले कुछ दिनों से रीता और अमित के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि 29 जुलाई को रीता ने अपने पति को बुलाया और दोनों ने मिलकर अमित की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर ईंटें रखकर कच्ची फर्श बना दी।

बदबू से खुला पूरा मामला

हत्या के कुछ समय बाद घर से तेज बदबू आने लगी। ग्रामीणों को शक हुआ तो इसकी जानकारी ग्राम प्रधान अखिलेश यादव को दी गई। ग्राम प्रधान के मुताबिक, 31 जुलाई की रात रीता खुद उनके पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर घर की खुदाई कर शव बरामद किया गया।

पति की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतक अमित के भाई की तहरीर पर रीता और उसके पति रामप्रकाश के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला से पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपी पति की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  युवाओं से लेकर महिलाओं के लिए बड़े मौके... 364 करोड़ की मंजूरी, यूपी के अल्पसंख्यकों को मिलेंगे ये लाभ

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button