Lucknow City

LDA का बुलडोजर एक्शन : अवैध कॉम्पलेक्स जमींदोज, गोमतीनगर-चिनहट में दो निर्माण सील

लखनऊ में बिना मानचित्र स्वीकृति बन रहे व्यावसायिक निर्माणों पर सख्त कार्रवाई, गोसाईंगंज में ध्वस्तीकरण तो गोमतीनगर विस्तार और चिनहट में सीलिंग अभियान

लखनऊ, 12 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अलग-अलग इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ दो अन्य अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।

WhatsApp Image 2026-05-12 at 8.31.12 AM

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 और जोन-2 की संयुक्त टीमों ने यह अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के मुताबिक गोसाईंगंज के खुजौली स्थित नगराम रोड पर कय्यूम मिर्जा व अन्य द्वारा करीब 140 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। मामले में विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किये गये थे।

उक्त आदेश के अनुपालन में एलडीए की टीम ने भारी पुलिस बल और मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। दूसरी तरफ प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने भी बड़ी कार्रवाई की है। जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के मुताबिक गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पम्प के बगल में अमित रस्तोगी व अन्य द्वारा लगभग 250 वर्गमीटर भूखंड पर अवैध व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।

WhatsApp Image 2026-05-12 at 8.31.45 AM

इसके अलावा चिनहट के हासेमऊ रोड पर एमिटी यूनिवर्सिटी गेट नंबर-4 के सामने डॉ. बीपी सिंह, रंजना सिंह व अन्य द्वारा करीब 900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कॉम्पलेक्स तैयार किया जा रहा था। एलडीए से नक्शा स्वीकृत न होने के कारण दोनों निर्माणों को सील कर दिया गया। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button