Lucknow City

PDA का नारा और कॉरपोरेट कनेक्शन! अखिलेश का राज्यसभा दांव, मुकेश अंबानी के करीबी को उतारकर बढ़ाई सियासी हलचल

धनराज परिमल नथवानी के नाम ने चौंकाया, भाजपा समर्थित राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं सपा प्रत्याशी, तीसरी सीट पर अभी सस्पेंस, सहयोगी दलों के सवालों से बढ़ सकती है अखिलेश की मुश्किल

लखनऊ, 30 सितंबर 2026:

यूपी की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा चुनाव ने नया मोड़ ले लिया है। PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति के जरिए भाजपा को घेरने की कोशिश में जुटी समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा के लिए ऐसे व्यक्ति को चुनाव में उतार दिया, जिसने सियासी गलियारों में बहस तेज कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उद्योग जगत से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

धनराज, रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ पदाधिकारी, मुकेश अंबानी के करीबी और भाजपा समर्थित राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं। धनराज परिमल नथवानी ने बुधवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के साथ नामांकन दाखिल किया। इस दौरान अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। नामांकन की प्रक्रिया के दौरान अखिलेश यादव, धनराज नथवानी को साथ लेकर चलते नजर आए और बाद में उन्हें जीत की बधाई भी दी। सपा ने फिलहाल रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी के नामों का ऐलान किया है, जबकि तीसरे प्रत्याशी को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

धनराज नथवानी का राजनीतिक दलों से अलग कॉरपोरेट और खेल प्रशासन से जुड़ा प्रोफाइल रहा है। वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं और रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड से भी जुड़े हैं। अपनी आधिकारिक प्रोफाइल में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक के रूप में अपनी भूमिकाओं का उल्लेख करते हैं।

ये भी पढ़ें:

akhilesh-yadav-rajya-sabha-candidate-dhanraj-nathwani-pda (2)

जय शाह के भी करीबी हैं धनराज

गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर वह 2022 में निर्विरोध चुने गए थे। इससे पहले वह संगठन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। यह पद इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास था। धनराज के जय शाह से दोस्ताना संबंध हैं। उनके करीबी हैं। धनराज के पिता परिमल नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी हैं और जून 2026 में झारखंड से NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। परिमल नथवानी PM मोदी और अमित शाह के भी बहुत करीबी बताए जाते हैं। ऐसे में अखिलेश का निर्णय एनडीए को बेचैन कर सकता है।

ओमप्रकाश राजभर ने भी इस फैसले पर अखिलेश यादव को घेरा

यही प्रोफाइल अब सपा की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गई है। पार्टी लंबे समय से पीडीए के सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीतिक रणनीति का प्रमुख आधार बताती रही है। ऐसे में कॉरपोरेट जगत से जुड़े व्यक्ति को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर विरोधी दलों और कुछ सहयोगी नेताओं की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी इस फैसले पर अखिलेश यादव को निशाना बनाया है।

जय शाह के साथ धनराज
जय शाह के साथ धनराज

2024 के आलोक रंजन विवाद की यादें ताजा

यह पहली बार नहीं है जब राज्यसभा प्रत्याशी चयन को लेकर सपा के भीतर या सहयोगी खेमे में पीडीए को लेकर सवाल उठे हों। 2024 में पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक रंजन को प्रत्याशी बनाए जाने पर अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने सपा के उम्मीदवार चयन पर सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई थी और पीडीए की अनदेखी का आरोप लगाया था। उस चुनाव में आलोक रंजन चुनाव हार गए थे।

पीएम मोदी के साथ धनराज के पिता
पीएम मोदी के साथ धनराज के पिता

तीसरे प्रत्याशी के नाम से साफ होगी अखिलेश की रणनीति

अब 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले धनराज नथवानी के नाम ने सपा की रणनीति पर नई बहस छेड़ दी है। यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। मौजूदा विधानसभा गणित में NDA के खाते में आठ और सपा के खाते में दो सीटें जाने की स्थिति बनती है, जबकि सपा तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारने की तैयारी में है। ऐसे में तीसरे नाम और उसके सामाजिक समीकरण पर सभी की नजरें टिकी हैं।

ये भी पढ़ें  लखनऊ-हरदोई हाईवे पर आज से बदला सफर का हिसाब, सहिजना टोल पर शुरू हुई वसूली

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link