लखनऊ, 12 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देखने वाले मध्यम और अल्प आय वर्ग के परिवारों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अब शहर के बीचोंबीच किफायती दरों पर आधुनिक फ्लैट उपलब्ध कराने जा रहा है। एलडीए सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास करीब 900 एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के बहुमंजिला आवासीय भवन बनाएगा। इन फ्लैटों की कीमत 15 लाख रुपये से शुरू होकर 35 लाख रुपये तक होगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही बहुमंजिला अपार्टमेंट के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। यह ग्रुप हाउसिंग परियोजना लगभग 16 हजार वर्गमीटर कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर विकसित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना और ले-आउट प्लान भी तैयार कर लिया गया है।
परियोजना के तहत 582 एलआईजी और 336 ईडब्ल्यूएस भवन बनाए जाएंगे। एलआईजी श्रेणी के फ्लैट 2 बीएचके होंगे। इनका क्षेत्रफल करीब 50 वर्गमीटर रखा गया है। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये होगी। वहीं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के वन बीएचके फ्लैट करीब 38 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे और इनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये तय की गई है।
एलडीए का दावा है कि इतनी प्राइम लोकेशन पर इतने किफायती आवास राजधानी में बेहद कम देखने को मिलते हैं। परियोजना मुख्य सीतापुर रोड पर होने के कारण यहां से राष्ट्रीय राजमार्ग की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। आसपास स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार, मॉल, रेलवे स्टेशन, सब्जी और फल मंडी जैसी सभी जरूरी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।
इस हाईटेक आवासीय परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सभी टावर आपस में इंटर-कनेक्ट होंगे। आवागमन को आसान बनाने के लिए 8 पैसेंजर लिफ्ट और 3 सर्विस लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसके अलावा 600 से अधिक वाहनों के लिए बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होगी। वहीं करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन एरिया भी विकसित किया जाएगा।






