Business

मोदी की अपील व युद्ध की टेंशन से शेयर बाजार की हवा निकली…सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा टूटा

निवेशकों में बेचैनी बढ़ी, महंगे कच्चे तेल के दबाव में लगातार दूसरे दिन बाजार में तेज बिकवाली दिखी, आईटी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

बिजनेस डेस्क, 12 मई 2026:

घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 180 अंक तक फिसल गया। निवेशकों की चिंता के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील, मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,015 अंकों के मुकाबले गिरकर 75,688 पर खुला। कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनटों में यह 723 अंक टूटकर 75,291 तक पहुंच गया। दूसरी तरफ निफ्टी 23,815 के पिछले बंद स्तर से नीचे 23,722 पर खुला और जल्द ही 23,633 के स्तर तक फिसल गया।

बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों पर दिखा। Infosys, Tata Consultancy Services, Tech Mahindra और HCL Technologies के शेयर 2 से 4 फीसदी तक टूटकर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा UPL, Hindustan Petroleum Corporation Limited और Coforge में भी तेज गिरावट दर्ज की गई।

बाजार पर दबाव उस अपील के बाद और बढ़ा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि पड़ोसी क्षेत्र में जारी युद्ध का असर पूरी दुनिया के साथ भारत पर भी पड़ सकता है, इसलिए लोगों को अभी से एहतियात बरतने की जरूरत है।

निवेशकों की चिंता केवल इसी वजह से नहीं बढ़ी। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर साफ दिख रहा है। ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के पार बना हुआ है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका गहरा गई है और शेयर बाजार पर दबाव और बढ़ गया है।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक हालात और घरेलू संकेतों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के आधार पर बाजार की दिशा तय होगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button