Sitapur City

युवक के शरीर में ठोंकी 11 कीलें…गला रेता, छाती व पेट छलनी कर जंगल में फेंका शव

संदना क्षेत्र मिले शव का चेहरा भी बुरी तरह कुचला मिला, पहचान कराने के लिए पुलिस ने तस्वीरें वायरल कीं, हमलावरों की बेरहमी देखकर सिहर गए लोग

सीतापुर, 14 मई 2026:

सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में जंगल के बीच एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। करीब 36 वर्षीय युवक के शरीर में 11 लोहे की कीलें धंसी मिलीं। गला धारदार हथियार से रेता गया था, जबकि छाती और पेट पर कई बार चाकू से हमला किया गया। चेहरा इतनी बुरी तरह कुचला गया था कि पहचान करना मुश्किल हो गया।

यह शव जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर मजरा भीखपुर के लक्ष्मणपुर गांव के पास जंगल में बुधवार शाम ग्रामीणों ने देखा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का जायजा लिया और जांच शुरू कराई। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली, लेकिन उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला जिससे पहचान हो सके। युवक सफेद बनियान और नीली पैंट पहने था। उसकी शर्ट मौके से बरामद नहीं हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव पर कई जगह धारदार हथियार के निशान हैं और शरीर में लोहे की कीलें ठोंकी गई हैं। चेहरा भी बुरी हालत में था। परिस्थितियों को देखते हुए आशंका है कि युवक की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और बाद में शव को जंगल में लाकर फेंक दिया गया।

मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों में भेजी गई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान और हत्यारों तक पहुंचा जा सके। हत्या के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि रंजिश या आशनाई से जुड़ा मामला हो सकता है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button