Unnao City

मासूम को गन प्वाइंट पर लेकर मां से लूटे थे जेवरात… दो बदमाशों को गोली मारकर दबोचा

पत्नी व बच्चे के साथ घर लौट रहे बाइक सवार के साथ चार दिन पूर्व हुई थी वारदात, पत्नी के गले से सोने का हार और चांदी की कमर पेटी लूटकर हुए थे फरार, पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी

उन्नाव, 17 मई 2026:

सफीपुर क्षेत्र में बाइक सवार महिला के गले से जेवर लूटकर भागने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पैर में गोली लगी। दोनों आरोपियों ने छंगाखेड़ा के पास हुई लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से दो अवैध असलहे भी मिले हैं।

बता दें कि दर्शनखेड़ा मजरा भड़सर नौशहारा निवासी भीम कुमार 13 मई की रात करीब साढ़े दस बजे अपनी पत्नी दिव्या और बच्चे के साथ सफीपुर स्थित सियाराम पैलेस से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। रात करीब 10:50 बजे जब वे छंगाखेड़ा के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास आए और बच्चे पर तमंचा तान दिया। दिव्या के गले से सोने का हार और चांदी की कमर पेटी लूटकर भाग निकले।

भीम कुमार ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर स्वॉट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम लगा दी थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि मिट्ठखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी वारदात की फिराक में बैठे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कश्यप निवासी महुआ नगर थाना कोहना, कानपुर नगर और गुड्डू उर्फ मुन्ना उर्फ सहराज, निवासी बरवा रसूलपुर, कानपुर देहात के रूप में हुई है। दोनों घायलों को पहले सीएचसी फतेहपुर चौरासी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button